प्रियांशु के ऑलराउंड खेल से ट्रैम्फैंट सीसी की बड़ी जीत थंडरबोल्ट को 101 रन से दी शिकस्त

WhatsApp Channel Join Now
प्रियांशु के ऑलराउंड खेल से ट्रैम्फैंट सीसी की बड़ी जीत थंडरबोल्ट को 101 रन से दी शिकस्त


प्रियांशु के ऑलराउंड खेल से ट्रैम्फैंट सीसी की बड़ी जीत थंडरबोल्ट को 101 रन से दी शिकस्त


पटना, 08 अगस्त (हि.स.)। पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा फाउंडेशन की ओर से सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित 18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में आज ट्रैम्फैंट सीसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थंडरबोल्ट को 101 रन से करारी शिकस्त दी। ट्रैम्फैंट की जीत में प्रियांशु यादव ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने पहले उपयोगी पारी खेलते हुए 37 रन बनाए और इसके बाद गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए दो विकेट झटके। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

145 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

मैच में थंडरबोल्ट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए। टीम की ओर से आकर्ष राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 रन बनाए। वहीं प्रियांशु यादव ने 37 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अर्पित राज ने 18 और अभिषेक कुशवाहा ने 10 रन का योगदान दिया। टीम के स्कोर में अतिरिक्त के 28 रन भी शामिल रहे।

थंडरबोल्ट की ओर से सार्थक सिंह ने तीन विकेट लिए, जबकि अब्दुल मुदैस्सर ने दो विकेट चटकाए। आरव चंद्रा को एक सफलता मिली। इसके बावजूद ट्रैम्फैंट के बल्लेबाजों ने निर्धारित ओवरों में अच्छा स्कोर खड़ा कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

44 रन पर सिमटी थंडरबोल्ट की टीम

146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडरबोल्ट की शुरुआत बेहद खराब रही। ट्रैम्फैंट सीसी के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और एक के बाद एक विकेट चटकाते हुए पूरी टीम को 18.2 ओवर में सिर्फ 44 रन पर समेट दिया।

थंडरबोल्ट की ओर से कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। अतिरिक्त के रूप में मिले 15 रन टीम के लिए सर्वाधिक योगदान रहा।

ट्रैम्फैंट की ओर से प्रियांशु यादव ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में महज छह रन देकर दो विकेट हासिल किए। आदर्श ने तीन, जबकि समर ने दो विकेट झटके। रौणित बरनवाल, मयंक और राहुल को एक-एक सफलता मिली। गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन के कारण थंडरबोल्ट की पूरी पारी 44 रन पर समाप्त हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story