किशनगंज में अंतरजिला शटर कटवा गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में अंतरजिला शटर कटवा गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार


किशनगंज, 14 अगस्त (हि.स.)। शहर में दुकानों के शटर काटकर व उठाकर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का किशनगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें के पास से घटना में इस्तेमाल चादर, चोरी के 6,800 रुपये और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरोह में मोतिहारी, सीतामढ़ी और नेपाल के अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

शुक्रवार को एसडीओपी-2 मनोज कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 08 अगस्त को गांधी चौक निवासी कमल कुमार विहानी ने किशनगंज सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी जीवन ज्योति दवा दुकान का शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया और कैश काउंटर का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 882/26 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अंचल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मोतिहारी के जितना थाना क्षेत्र के कोइरगामा निवासी भोला सहनी, नीरज कुमार तथा दरपा थाना क्षेत्र के सुखालिया निवासी सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि गिरोह पहले दूरदराज के इलाकों में दुकानों और शोरूम की रेकी करता था। इसके बाद रात में कई सदस्य दुकान के सामने चादर लगाकर खड़े हो जाते थे, ताकि अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई न दें। कुछ सदस्य शटर खोलकर या काटकर अंदर प्रवेश करते, जबकि अन्य बाहर निगरानी रखते थे। चोरी के बाद सभी अलग-अलग रास्तों से फरार हो जाते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य पांच सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की शेष राशि बरामद करने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story