एसएसपी के निर्देश पर सघन वाहन चेकिंग अभियान
भागलपुर, 03 मार्च (हि.स.)। एसएसपी कार्यालय के हवाले से मंगलवार को बताया गया कि होली पर्व को देखते हुए विधि-व्यवस्था संधारण के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही है। दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की सख्ती से जांच की जा रही है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। वहीं एसएसपी द्वारा जिले के विभिन्न होलिका दहन स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया गया।
भ्रमण के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों तथा संवेदनशील स्थलों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि होलिका दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि होली पर्व को भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। जिला पुलिस, भागलपुर द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

