जिले भर में चलाया गया सघन वाहन जांच अभियान
भागलपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अपराध की रोकथाम, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशानुसार भागलपुर जिला के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई।
अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाकेबंदी कर वाहनों की कड़ाई से जांच की गई। जांच प्रक्रिया के दौरान पुलिस टीम ने आने-आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर उनकी गहन तलाशी ली। इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन कार्ड, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर ही सत्यापन किया गया।
इस अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग, तेज रफ्तार और बिना वैध कागजात के गाड़ी चलाने वाले उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई और उनसे जुर्माना भी वसूला गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आमजन की सुरक्षा के लिए इस तरह का चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

