सघन मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान में 705 बेटिकट यात्रियों से वसूले 4.90 लाख
कटिहार, 09 मई (हि.स.)। कटिहार रेल मंडल में बिना टिकट यात्रियों और रेलवे एक्ट का उल्लंघन करने वालों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। नव पदस्थापित रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव के नेतृत्व में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में कुल 705 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे 4 लाख 90 हजार 350 रुपये जुर्माना वसूलकर रेलवे ने नया रिकॉर्ड बनाया है।
मंडल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यह सघन अभियान कटिहार जंक्शन के साथ-साथ किशनगंज, बारसोई एवं पूर्णिया कोर्ट समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर चलाया गया। स्टेशन के अलावा चलती ट्रेनों में भी औचक निरीक्षण किया गया। राजधानी एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, अवध-असम एक्सप्रेस और साप्ताहिक जोधपुरी एक्सप्रेस समेत दर्जनों मेल, एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के एसी, स्लीपर व जनरल कोचों की जांच की गई।
अभियान सिर्फ बेटिकट यात्रियों तक सीमित नहीं रहा। चेकिंग के दौरान कई तरह की अनियमितताएं पकड़ी गईं, जिसमें बिना टिकट यात्रा के आलावा महिला एवं दिव्यांग कोच में अवैध रूप से सफर करने वाले पुरुष यात्री, जनरल टिकट लेकर एसी कोच में यात्रा करते लोग, ट्रेन में शराब का सेवन करते यात्री सहित स्टेशन परिसर में बिना कारण घूमने वाले व मटरगस्ती करने वाले लोग शामिल है।
इस विशेष अभियान में रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव स्वयं तीनों दिन अलग-अलग दिशाओं में टीम के साथ मौजूद रहे। उनके साथ आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों और वाणिज्य विभाग के कर्मियों की चार दर्जन से अधिक सदस्यों की टीम थी। पेशकार कुलदीप कुमार सिन्हा, नवीन कुमार के अलावा प्रिंस कुमार एवं आदित्य कुमार सहित कई अधिकारी-कर्मचारी अभियान में शामिल रहे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह विशेष चेकिंग अभियान राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता, रेल राजस्व के नुकसान को रोकने और यात्रियों में अनुशासन व नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से चलाया गया था। मजिस्ट्रेट गौरव की सक्रियता से बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया। रेलवे ने साफ किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

