जून में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 12.20 करोड़ की ब्राउन शुगर सहित बड़ी बरामदगी

WhatsApp Channel Join Now
जून में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 12.20 करोड़ की ब्राउन शुगर सहित बड़ी बरामदगी


किशनगंज, 02 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जून माह में किशनगंज पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

एक जून से 30 जून 2026 तक चलाए गए अभियान में पुलिस ने 239 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए 14 लाख 52 हजार 906 रुपये शमन शुल्क के रूप में वसूले। गुरुवार को पुलिस द्वारा जारी मासिक उपलब्धि रिपोर्ट के अनुसार, अभियान के दौरान 6 किलो 106 ग्राम हेरोइन, ब्राउन शुगर एवं स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 13.460 किलोग्राम गांजा, 9.54 ग्राम मादक कैप्सूल, 2,092.405 लीटर विदेशी शराब, 172.1 लीटर देशी शराब तथा 380 लीटर जावा विनष्ट किया गया।

कार्रवाई के दौरान तीन ट्रक, डीसीएम व बस, नौ स्कॉर्पियो, कार, पिकअप एवं ट्रैक्टर, 21 मोटरसाइकिल व साइकिल तथा चार टेंपो जब्त किए गए। पुलिस ने 49 मोबाइल फोन, 83 मवेशी, छह लाख 28 हजार 364 रुपये भारतीय मुद्रा तथा एक लाख 59 हजार 45 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद किए।

इसके अलावा चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, नौ पैकेट सिगरेट, एक लाइटर, चांदी जैसे तीन पायल, सिकड़ी व बिछिया, 17 पैन, आधार, ड्राइविंग लाइसेंस एवं एटीएम कार्ड, दो मतदान पहचान पत्र व पेमेंट कार्ड, चार कैलकुलेटर व स्टाम्प पैड, चार डायरी, रसीद बुक व नोटबुक, 200 पीस लोहे का रॉड, एंगल, पाइप व प्लेट, बिजली विभाग का 44 फीट चोरी का तार तथा तीन जींस, टी-शर्ट एवं शर्ट भी जब्त किए गए।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ, पशु तस्करी, गृहभेदन, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story