'वंदे मातरम्' के अपमान के विरोध में कटिहार भाजपा युवा मोर्चा ने निकाला आक्रोश मार्च
कटिहार, 17 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप लगाते हुए कटिहार में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख शहीद चौक पर आक्रोश मार्च निकाला गया और कैंडल जलाकर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी और शोभा जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन को बीच में ही रोका जाना उनकी देशविरोधी मानसिकता और तुष्टिकरण की राजनीति को दर्शाता है। प्रदर्शन में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में दो टूक कहा कि राष्ट्र के स्वाभिमान और अमर बलिदानियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर अपमान का लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर पुरजोर जवाब दिया जाएगा।
हाथों में कैंडल थामे युवा शक्ति ने राष्ट्रभक्ति के प्रतीकों के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष लक्की महतो, वीरेंद्र यादव, जिला मंत्री गौरव पासवान, युवा मोर्चा के जिला महामंत्री जंक्शन यादव, सोनू सिन्हा, श्वेता राय, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, शांति जायसवाल, रंजन झा, भास्कर सिंह, टंटन ठाकुर, आरती चौधरी और प्रमोद महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

