नगर निकायों एवं बुडको के कार्यों की समीक्षा, लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का डीएम का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नगर निकायों एवं बुडको के कार्यों की समीक्षा, लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का डीएम का निर्देश


अररिया, 03 मई(हि.स.)।डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं बुडको के परियोजना निदेशक के साथ रविवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने बुडको के परियोजना निदेशक को निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन, मानसून पूर्व तैयारी, बस एवं ऑटो स्टैंड की व्यवस्था, मोक्षधाम के विकास, सैरात प्रबंधन तथा आंतरिकी निधि से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मानसून को देखते हुए जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में प्रभावी कदम उठाने, शहरों में अनियंत्रित जाम की समस्या को दूर करने तथा बस एवं ऑटो स्टैंड के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर व्यवस्था विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा योजनाओं की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निकायों की कार्यप्रणाली में सुधार और जनहित से जुड़े कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में बुडको के परियोजना निदेशक, सहायक परियोजना निदेशक तथा नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के सभी कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story