मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने किया विक्रमशिला सेतु का स्थल निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने किया विक्रमशिला सेतु का स्थल निरीक्षण


भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)।

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने रविवार को विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मति कार्य का स्थल निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं के साथ सेतु की मजबूती, संरचनात्मक सुरक्षा तथा बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चल रहे विभिन्न तकनीकी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने बताया कि सेतु पर 4 स्टील गर्डर ब्रिज की लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और अब इन चारों स्पैन पर डेक शीट बिछाने का काम तेजी से प्रगति पर है। इसके अलावा, आईआईटी पटना की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर नेविगेशनल स्पैन के सुदृढ़ीकरण और रेट्रोफिटिंग का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। वहीं, V5-P1, P1-P2, P2-P3 और P3-P4 स्पैन में रैंप निर्माण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सेतु के सभी 67 स्पैन के एक्सपेंशन जॉइंट बदलने के निर्धारित लक्ष्य के तहत अब तक 20 एक्सपेंशन जॉइंट बदले जा चुके हैं। नेविगेशनल स्पैन के कुल 40 बेयरिंग में से 22 बेयरिंग बदलने का कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही नॉन-नेविगेशनल स्पैन में 1 नया बेयरिंग लगाने और अन्य पुराने बेयरिंग की मरम्मति का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। सेतु के संरचनात्मक भार को कम करने के उद्देश्य से पुराने फुटपाथ और रेलिंग को हटाकर उसकी जगह हल्की रेलिंग लगाने का कार्य प्रगति पर है।

सेतु और इसके अप्रोच रोड की राइडिंग क्वालिटी को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मानकों के अनुरूप बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं। निरीक्षण के उपरांत पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पथ निर्माण विभाग विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मति कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भागलपुर और आसपास के जिलों की जीवनरेखा माने जाने वाले इस सेतु के जीर्णोद्धार कार्य के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785172 Articles

Share this story