डीआरएम ने सुल्तानगंज स्टेशन का लिया जायजा, भीखनपुर में बन रहे संटिंग लाइन का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
डीआरएम ने सुल्तानगंज स्टेशन का लिया जायजा, भीखनपुर में बन रहे संटिंग लाइन का किया निरीक्षण


भागलपुर, 25 जून (हि.स.)। मालदा डीविजन के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को भागलपुर के भीखनपुर गुमटी नंबर 1 से 3 नंबर तक बन रहे संटिग लाइन का किया निरीक्षण किया।

इसके पूर्व डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता विशेष ट्रेन से सुल्तानगंज पहुंचे। जहां डीआरएम ने सबसे पहले सुल्तानगंज स्टेशन पर आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर की जा रही तैयारियों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

इसके बाद डीआरएम भागलपुर स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी टीम के साथ भीखनपुर एक नंबर गुमटी से तीन नंबर गुमटी तक चल रहे नई संटिंग लाइन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि रेलवे प्रशासन द्वारा पटना-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार अब भागलपुर स्टेशन तक किया जा रहा है।

इस ट्रेन के प्राइमरी रैक को सुरक्षित खड़ा रखने और मेंटेनेंस के लिए भागलपुर में अतिरिक्त संटिंग लाइन की सख्त आवश्यकता थी, जिसके तहत यह ट्रैक बिछाया जा रहा है। डीआरएम ने बिछाई गई रेल पटरी और तकनीकी कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता से समझौता किए बिना इसमें और तेजी लाई जाए, ताकि समय-सीमा के भीतर इसे पूरा कर चालू किया जा सके।

इस दौरान डीआरएम ने निर्माण कार्य के नक्शे का अवलोकन किया और सुरक्षा के लिहाज से ट्रैक के दोनों तरफ किए जा रहे घेराबंदी के काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं डीआरएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्टेशन क्षेत्र में बन रहे अंडरपास और ओवरब्रिज की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

डीआरएम ने भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए भीखनपुर तीन नंबर गुमटी से रेलवे के बरारी छोटी लाइन तक संटिंग लाइन को और आगे विस्तारित करने की संभावनाओं पर भी अधिकारियों से विचार-विमर्श किया।

इस दौरान मालदा डिवीजन और भागलपुर स्थानीय स्टेशन के कई वरिष्ठ रेल अधिकारी ओर मुख्य अभियंता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story