श्रावणी मेला, डीएम ने अधिकारियों के साथ अजगैविनाथ धाम का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला, डीएम ने अधिकारियों के साथ अजगैविनाथ धाम का किया निरीक्षण


भागलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू होने में अब महज सात दिन शेष हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए भागलपुर की जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने प्रशासनिक अमले के साथ गुरुवार को सुल्तानगंज के अजगैविनाथ धाम का दौरा किया। इस दौरान डीएम ने अजगैविनाथ गंगा घाट, नमामि गंगे घाट (उद्घाटन स्थल) और हेलीपैड स्थल का जायजा लिया।

इस दौरान एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, डीएसपी नवनीत कुमार, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, बीडीओ संजीव कुमार और सीओ रमण कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान डीएम के कांवड़ियों के लिए बिजली, शुद्ध पानी और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था तुरंत दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि कांवड़ियों के ठहराव स्थलों और पार्किंग क्षेत्रों में समय रहते पुलिस बल तथा महिला पुलिस बल की तैनाती हो। उद्घाटन से पहले सभी लंबित कार्यों को हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

चर्चा है कि इस बार श्रावणी मेले का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 28 जुलाई को कर सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर उद्घाटन में शामिल होने वाले अतिथियों की सूची और कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा समय से पूर्व साझा करने की बात कही गई है। डीएम ने मीडिया को आश्वस्त किया कि इस बार कांवड़ियों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story