डीएम ने घाट का किया निरीक्षण, दिए कई निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने घाट का किया निरीक्षण, दिए कई निर्देश


भागलपुर, 07 मई (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु पर यातायात बाधित होने के बाद यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत जाहन्वी (महादेवपुर) घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों के गंगा पार आवागमन को सुगम, सुरक्षित और प्रतीक्षा मुक्त बनाना है।

डीएम के निर्देश पर जाह्नवी घाट पर यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए है़। जिसमें घाट तक पहुँचने वाले रास्ते को समतल कर नाव तक जाने का मार्ग सुगम बनाया गया है ताकि बुजुर्गों और बीमारों को दिक्कत न हो। यात्रियों के लिए पर्याप्त संख्या में निःशुल्क नावों की व्यवस्था की गई है, जिससे बरारी पुल घाट और जाह्नवी घाट के बीच निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सके। परिवहन साधनों की पर्याप्त उपलब्धता के कारण यात्रियों को अब घाट पर लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और आराम के लिए घाट पर एक विशेष शिविर स्थापित किया गया है, जहाँ आपात स्थिति के लिए स्ट्रेचर और एम्बुलेंस की तैनाती की गई है।

यात्रियों की सहायता और निगरानी के लिए घाट पर ही कंट्रोल रूम बनाया गया है। स्वच्छ पेयजल, शौचालय और रात के समय आवाजाही के लिए पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग) का प्रबंध किया गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया को घाट पर लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्वयं यात्रियों से बातचीत कर फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान नवगछिया एसडीओ सहित जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी और अभियंता मौके पर मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story