सिटी एसपी ने किया आईसीसीसी कार्यालय का औचक निरीक्षण, 24 घंटे सख्त सीसीटीवी निगरानी के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सिटी एसपी ने किया आईसीसीसी कार्यालय का औचक निरीक्षण, 24 घंटे सख्त सीसीटीवी निगरानी के दिए निर्देश


भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। शहर में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा द्वारा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्मित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने केंद्र की कार्यप्रणाली, पूरे शहर में फैले सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क, तकनीकी संसाधनों और नियंत्रण कक्ष से संचालित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की गहन समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने वीडियो वॉल पर लाइव फीड का अवलोकन करते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। नियंत्रण कक्ष में तैनात कर्मियों को 24 घंटे मुस्तैदी के साथ सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित थाना व गश्ती दल को अविलंब सूचित करने को कहा गया। शहर में जाम की समस्या से निपटने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए आईटीएमएस जंक्शनों और रीयल-टाइम ई-चालान प्रणाली को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।

सभी सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी उपकरणों को हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी के कारण निगरानी प्रभावित न हो। गौरतलब है कि भागलपुर स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत स्थापित यह अत्याधुनिक केंद्र शहर भर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों, यातायात सिग्नलों और आपातकालीन सेवाओं के बीच समन्वय स्थापित कर स्मार्ट पुलिसिंग में अहम भूमिका निभा रहा है। निरीक्षण के दौरान पुलिस और आईसीसीसी के संबंधित पदाधिकारी व तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782905 Articles

Share this story