श्रावणी मेला को लेकर एडीआरएम ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
भागलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन में बुधवार को श्रावणी मेला को लेकर मालदा डीविजन के एडीआरएम अमरेन्द्र कुमार मोर्या रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ पहुंचे। इस दौरान एडीआरएम ने सुलतानगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर जायजा लिया।
एडीआरएम ने रेलवे विभाग के अधिकारियों को श्रावणी मेला से पूर्व सारी तैयारियां पूर्ण कर लेने का आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर एडीआरएम ने बताया कि श्रावणी मेला को लेकर रेलवे विभाग के सभी अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरा, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, कांवड़ियों का ठहराव, कांवड़ियों का शुद्ध भोजन की व्यवस्था और स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के लिए छः जोड़ी मेला एस्पेशल ट्रेन सुल्तानगंज से देवघर के लिए चलाई जाएगी। इस मौके पर स्टेशन मास्टर गिरीश कुमार गुप्ता सहित रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपीएफ के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

