सड़क निर्माण की गुणवत्ता की अधिकारियों के साथ विधायक ने की जांच

WhatsApp Channel Join Now
सड़क निर्माण की गुणवत्ता की अधिकारियों के साथ विधायक ने की जांच


अररिया, 21 फरवरी(हि.स.)।

फारबिसगंज सदर रोड के पोस्ट ऑफिस चौक के पास रात के अंधेरे में निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी के द्वारा गुणवत्ता पूर्ण कार्य किए जाने की शिकायत के आलोक में शनिवार को अधिकारियों के साथ स्थानीय विधायक मनोज विश्वास ने मौके पर पहुंच कर जांच की।

शिकायत के आलोक में सड़क निर्माण में प्रयुक्त मैटेरियल के जांच करवाने का निर्णय लिया गया और इसके लिए मैटेरियल का सैंपल कलेक्ट कर लैब भेजे जाने का निर्णय लिया गया।जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों में फारबिसगंज एसडीओ अभय कुमार तिवारी, अपर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण,फारबिसगंज नगर परिषद के कनीय अभियंता वरुण कुमार,बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के कनीय अभियंता स्नेहा डोगरा आदि मौजूद रहे।मौके पर स्थानीय लोगों ने जल जमाव की समस्या के निदान को लेकर बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड की ओर से बनाए गए नाला और सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ ऊंचे ऊंचे नाले के निर्माण से जल जमाव की समस्या के निदान नहीं हो पाने की शिकायत अधिकारियों और विधायक से की।स्थानीय लोगों का कहना था कि जिस तरह से नाला का निर्माण किया गया है,उससे नाला के बाहर स्थित दुकानों और घरों में जल जमाव का निदान कहीं से भी संभव नहीं हो पाने के साथ सड़क पर जल जमाव की समस्या यथावत रहने की बात कही।वहीं निर्माण कार्य करा रही एजेंसी के द्वारा किसी तरह का प्राक्कलन और योजना को लेकर सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए जाने की भी शिकायत की।

मौके पर मौजूद सड़क निर्माण कार्य करने वाले एजेंसी के कर्मचारियों ने कहा कि शुरू में ही बेतरतीब नाला की ऊंचाई आठ इंच से लेकर डेढ़ फीट तक ऊंची कर दी गई है।जिसके कारण प्राक्कलन के अनुसार पूरा कार्य संभव नहीं है और सड़क को एक दिशा में ढलान देना मजबूरी है।ढलान वाली दिशा में बरसात के दिनों में जल जमाव होने की बात एजेंसी के कर्मचारियों और संवेदक ने कही।

मौजूद अधिकारियों और विधायक ने सदर रोड में किए गए सड़क निर्माण के गुणवत्ता की जांच कराने का निर्णय लिया।मौके पर मौजूद विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि बजट सत्र को लेकर लगातार विधानसभा में शामिल होकर जल जमाव और अन्य समस्या को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।इसी कड़ी में सदर रोड निर्माण कार्य में एजेंसी के द्वारा भारी लापरवाही बरते जाने की शिकायत पर फारबिसगंज पहुंच कर सारे अधिकारियों को तलब करते हुए जांच की है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि शहर में जाम और जल जमाव की समस्या को लेकर वे बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा से भी मुलाकात किए हैं और समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए निदान की मांग की है।उन्होंने कहा कि जल अधिग्रहण क्षेत्र के साथ सीता धार के अतिक्रमित जमीन को मुक्त कराने को लेकर भी वे एसडीओ और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर अमलीजामा पहनाने को लेकर योजना तैयार किया जा रहा है,जिसका रिजल्ट कुछ दिनों में देखने को मिलेगा।उन्होंने आगामी बरसात से पहले शहरी क्षेत्र में जल जमाव की समस्या को दूर करने को लेकर नगर परिषद प्रशासन को कार्य करने को निर्देशित करने की बात कही

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story