सबौर थाना परिसर में 20 महिला सिपाहियों के लिए नवनिर्मित बैरक का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
सबौर थाना परिसर में 20 महिला सिपाहियों के लिए नवनिर्मित बैरक का उद्घाटन


भागलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले के सबौर थाना परिसर में महिला पुलिसकर्मियों के लिए नवनिर्मित 20 महिला सिपाही बैरक का विधिवत उद्घाटन गुरुवार को किया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नवनिर्मित बैरक का उद्घाटन किया और महिला पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध कराई गई आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया।

पुलिस विभाग की ओर से महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि बिहार पुलिस द्वारा पुलिस अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित महिला बैरक के संचालन से महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय वातावरण मिलेगा।

इससे वे अधिक समर्पण, दक्षता एवं उत्साह के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत एवं आवासीय सुविधाएं पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ कार्यक्षमता एवं अनुशासन को भी मजबूत करती हैं।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त बैरक से पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित आवासीय वातावरण सुनिश्चित होगा। इससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर एसएसपी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अनुशासन, जवाबदेही और जनसंपर्क को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, नियमित गश्ती, साइबर अपराध, अवैध शराब एवं अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी ने नवनिर्मित बैरक के रखरखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं के समुचित उपयोग को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से महिला पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता एवं मनोबल में वृद्धि होगी और आम नागरिकों को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story