बूढ़ी काली मंदिर की 125वीं काली पूजा के लिए राशि आवंटन की पहल, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बूढ़ी काली मंदिर की 125वीं काली पूजा के लिए राशि आवंटन की पहल, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने दिए निर्देश


किशनगंज, 27 अक्टूबर (हि.स.)।किशनगंज शहर के ऐतिहासिक लाइन बूढ़ी कालीबाड़ी मंदिर में आयोजित होने वाली 125वीं काली पूजा एवं मेले को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बड़ी पहल की है। मंदिर में भव्य आयोजन के लिए राशि उपलब्ध कराने की दिशा में विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। मंत्री की इस पहल से काली पूजा कमेटी और श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। प्राप्त विभागीय पत्र के अनुसार, सार्वजनीन काली पूजा कमेटी के सचिव विक्की दास ने 20 अक्टूबर 2026 को पत्र संख्या BKL/018 के माध्यम से ऐतिहासिक बूढ़ी कालीबाड़ी मंदिर में 125वीं काली पूजा के आयोजन के लिए राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इस संबंध में विभागीय स्तर पर किशनगंज के समाहर्ता से विस्तृत प्रतिवेदन मांगा गया है, ताकि नियमानुसार राशि आवंटित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। पत्र में उपनिदेशक मोना झा को राशि आवंटन से संबंधित आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने का भी उल्लेख है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य के महत्वपूर्ण मेलों के आयोजन के लिए विभागीय परिपत्र संख्या 2894(9), दिनांक 7 अगस्त 2025 के तहत मानक निर्धारित किए गए हैं। इसी के आलोक में आवश्यक प्रतिवेदन मिलने के बाद राशि आवंटन के बिंदु पर नियमानुसार निर्णय लिया जा सकेगा। किशनगंज का बूढ़ी कालीबाड़ी मंदिर शहर की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां काली पूजा का 125वां आयोजन ऐतिहासिक महत्व रखता है। ऐसे में आयोजन के लिए सरकारी सहायता की पहल से पूजा की तैयारियों, मेले की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की संभावना है। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की इस पहल को ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, राशि की वास्तविक उपलब्धता और आवंटन का अंतिम निर्णय विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767444 Articles

Share this story