किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में 10 नए पुलों के निर्माण की पहल, सांसद डॉ. जावेद ने मांगी प्रशासनिक स्वीकृति

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में 10 नए पुलों के निर्माण की पहल, सांसद डॉ. जावेद ने मांगी प्रशासनिक स्वीकृति


किशनगंज, 07 अगस्त (हि.स.)। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांगों को लेकर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री को पत्र भेजकर 10 महत्वपूर्ण पुल योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।

सांसद ने कहा है कि इन पुलों के निर्माण से सीमावर्ती और नदी बहुल क्षेत्रों में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी तथा हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अपने पत्र में सांसद ने उल्लेख किया है कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा नदियों से घिरा हुआ है।

विशेषकर मानसून और बाढ़ के दौरान कई गांवों एवं पंचायतों का संपर्क जिला, अनुमंडल और प्रखंड मुख्यालय से कट जाता है। पुलों के अभाव में लोगों को नाव के सहारे जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। इससे मरीजों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी होती है। सांसद ने पोठिया प्रखंड के निस्तीपुर घाट पर महानंदा नदी, बायसी प्रखंड के आसजा-मबैधा एवं सौती टोला-मथुरापुर के पास परमान नदी, बैसा प्रखंड के रियाज अली धार, दिघलबैंक के पलसा घाट पर कनकई नदी, टेढ़ागाछ क्षेत्र के सुहिया घाट पर रतवा नदी, किशनगंज प्रखंड के कनफलिया पंचायत स्थित महानंदा नदी, बायसी के नवाबगंज-चटंगी हाट मार्ग, बायसी के गोपालपुर घाट, टेढ़ागाछ के फुलवरिया पंचायत तथा डगरूआ प्रखंड के गौरिया घाट सहित कुल 10 स्थानों पर पुल निर्माण का प्रस्ताव भेजा है।

उन्होंने पथ निर्माण विभाग से इन सभी योजनाओं की तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का आग्रह करते हुए कहा कि पुल बनने से ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार तथा रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही बाढ़ के समय राहत एवं बचाव कार्यों को भी मजबूती मिलेगी। सांसद ने पत्र की प्रतिलिपि पथ निर्माण विभाग के सचिव, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक तथा संबंधित अभियंताओं को भी भेजी है।

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सरकार इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देकर लंबे समय से चली आ रही पुल निर्माण की मांग को पूरा करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story