मोदी सरकार की गलत नीतियों से देश में महंगाई और गैस संकटः राजेश राम
पटना, 03 अप्रैल (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार काे प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त हो चुकी है। रसोई गैस की भारी किल्लत के कारण आम परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर का चूल्हा जलाना तक मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली की दरों में भी बेतहाशा बढ़ोतरी की जा रही है। इन सबका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।
राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के सवालों पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि रसोई गैस की आपूर्ति तुरंत सुचारु की जाए तथा पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लिया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से पूरे बिहार में चलाया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डा. मदन मोहन झा, विधान पार्षद डा. समीर कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव आदि उपस्थित थें।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

