बिहार में फैक्ट्री लगाने वालों में भगदड़ की स्थिति: सुदामा प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
बिहार में फैक्ट्री लगाने वालों में भगदड़ की स्थिति: सुदामा प्रसाद


भागलपुर, 01 मार्च (हि.स.)। आरा के सांसद ओर भाकपा (माले) के नेता सुदामा प्रसाद ने भागलपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की औद्योगिक स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने रविवार को कहा कि बिहार में फैक्ट्री लगाने वाले उद्यमियों के बीच “भगदड़ जैसी स्थिति” बन गई है और कई लोग निवेश करने के बाद अब पछता रहे हैं।

सांसद ने उदाहरण देते हुए कहा कि आरा जिले के एक व्यवसायी ने इथनॉल फैक्ट्री स्थापित की थी, लेकिन वर्तमान नीतिगत हालात के कारण अब वे “माथा ठोकने” की स्थिति में हैं। उनका आरोप है कि सरकारी नीतियों में अस्थिरता और बाजार की अनिश्चितता के चलते उद्योगों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। सुदामा प्रसाद ने यह भी कहा कि तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन खरीद-फरोख्त के कारण मध्यम स्तर के व्यापारी और छोटे कारोबारी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़ी कंपनियों का वर्चस्व बढ़ने से स्थानीय बाजारों में काम करने वाले व्यापारियों का व्यवसाय ठप होता जा रहा है।

उन्होंने मांग की कि सरकार छोटे और मध्यम व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाए। सांसद ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि देश में कई मौकों पर लिए गए फैसलों से बाजार में असमंजस और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतिगत फैसले बिना जमीनी तैयारी के लागू किए जा रहे हैं, जिसका खामियाजा उद्योग और व्यापार जगत को भुगतना पड़ रहा है। सुदामा प्रसाद ने कहा कि यदि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देना है तो सरकार को निवेशकों के लिए स्थिर और भरोसेमंद वातावरण तैयार करना होगा। साथ ही छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए विशेष पैकेज और नियामक सुधार की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story