भारत-नेपाल सीमा पर गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

WhatsApp Channel Join Now
भारत-नेपाल सीमा पर गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक फरार


सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 12.64 लाख रुपये बताई जा रही है।

वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम बनेलीपट्टी वार्ड संख्या 3 स्थित नेपाल इंडो बॉर्डर रोड, मुंशी पिपराही के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों चालक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस और सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बनेलीपट्टी वार्ड संख्या-02 निवासी मो. यूसुफ मियां (पिता- जुमराती मियां) के रूप में हुई है।

वहीं फरार आरोपी की पहचान मो. निकाइल (पिता- इस्माइल मियां), निवासी बनेलीपट्टी वार्ड संख्या-02 के रूप में की गई है।मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब्त दोनों मोटरसाइकिलों ग्लैमर (बीआर 50 एएम 0124) और सुपर स्प्लेंडर (बीआर 38 एएफ 7165) की तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों वाहनों से कुल 31.6 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजा और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में ले लिया।

प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय तो नहीं है। नेपाल सीमा से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story