भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 9.7 किलो गांजा जब्त

WhatsApp Channel Join Now
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 9.7 किलो गांजा जब्त


भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 9.7 किलो गांजा जब्त


सुपौल, 08 नवंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी, बीरपुर के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9.7 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। हालांकि, एसएसबी जवानों को देखकर तस्करी में संलिप्त संदिग्ध व्यक्ति गांजे से भरी बोरी मौके पर फेंककर नेपाल की ओर भागने में सफल रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 8 नवंबर को सुबह करीब 7:40 बजे 45वीं वाहिनी की सीमा चौकी बेनाली पट्टी के जवान नियमित गश्ती एवं निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बेनाली पट्टी के निकट सीमा स्तंभ संख्या 201 के पास जवानों ने देखा कि एक व्यक्ति बोरी में कुछ सामान लेकर नेपाल से भारतीय क्षेत्र में तेजी से प्रवेश कर रहा है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर एसएसबी की ऑपरेशन पार्टी ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया। जवानों को अपनी ओर आता देख उक्त व्यक्ति घबरा गया और बोरी को मौके पर फेंककर वापस नेपाल की ओर भाग निकला।

इसके बाद जवानों ने मौके पर फेंकी गई बोरी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से करीब 9.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। एसएसबी ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना बीरपुर, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) टी. सेवांग मोरूप के नेतृत्व में अन्य बलकर्मी भी शामिल रहे।

इस संबंध में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा तस्करी की गतिविधियों को रोकने के लिए वाहिनी के जवान लगातार सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774224 Articles

Share this story