भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, नेपाली शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, नेपाली शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी की 45वीं वाहिनी और भीमनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।

इस दौरान उनके कब्जे से 152.7 लीटर नेपाली देसी शराब, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोबाइल फोन तथा एक वॉकी-टॉकी सेट बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, सीमा चौकी कटेया क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के समीप सीमा स्तंभ संख्या 207/6 के पास भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया।

चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन एसएसबी की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 152.7 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद हुई। साथ ही दो मोबाइल फोन और एक वॉकी-टॉकी सेट भी जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने वॉकी-टॉकी सेट को सड़क पर पटककर क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुपौल जिले के लालपुर निवासी चंदन कुमार यादव और अभिनंदन कुमार के रूप में हुई है। भीमनगर थाना से मिली जानकारी के अनुसार दोनों के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे फिलहाल जमानत पर चल रहे थे।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएसबी ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों तथा जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

एसएसबी की 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एसएसबी स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार संयुक्त अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story