भारत-नेपाल संबंधों को मजबूती देने के लिए विराटनगर में भव्य समारोह आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
भारत-नेपाल संबंधों को मजबूती देने के लिए विराटनगर में भव्य समारोह आयोजित


भारत-नेपाल संबंधों को मजबूती देने के लिए विराटनगर में भव्य समारोह आयोजित


सुपौल, 06 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के विराटनगर स्थित होटल ईस्टर्न स्टार में रविवार को इंडो-नेपाल टूरिज्म वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले भारत-नेपाल संबंधों को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नेपाल सरकार के उद्योग एवं सहकारिता मंत्री इस्राइल मंसूरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह, नरपतगंज की विधायक देवंती यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और मीडिया कर्मियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और नेपाल केवल भौगोलिक रूप से जुड़े देश नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराना सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंध है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि भारत-नेपाल की मित्रता को और अधिक मजबूत बनाने के लिए दोनों देशों को मिलकर पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नए अवसर विकसित करने होंगे। इस दिशा में इंडो-नेपाल टूरिज्म वेलफेयर सोसाइटी का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। नरपतगंज की विधायक देवंती यादव ने भी भारत-नेपाल संबंधों पर विस्तृत चर्चा करते हुए दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह के दौरान ‘सोशल वर्क एक्सीलेंस अवॉर्ड’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में सुपौल जिला एनयूजे के प्रदेश सचिव अमर कुमार, जिलाध्यक्ष एनयूजे उपेन्द्र चंदन, संतोष सियोटा, पत्रकार माला मिश्रण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने भारत-नेपाल के बीच आपसी सहयोग, पर्यटन विकास और सांस्कृतिक एकता को नई दिशा देने का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story