नेपाल-भारत सीमा पर बढ़ी चौकसी, एपीएफ के डीआईजी मनीष थापा ने किया सरप्राइज इंस्पेक्शन
सुपौल, 13 मई (हि.स.)। नेपाल में रोहिंग्या घुसपैठ, स्मगलिंग और ह्यूमन ट्रैफिकिंग के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नेपाली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नेपाल एपीएफ ने सीमावर्ती इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा है। इसी बीच एपीएफ के नंबर-1 ब्रिगेड कमांडर एवं डीआईजी मनीष थापा ने सुनसरी जिले के भंटाबारी, श्रीपुर और अन्य प्रमुख बॉर्डर पोस्ट का अचानक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में सीमा क्षेत्र में स्मगलिंग, ड्रग ट्रैफिकिंग, ह्यूमन ट्रैफिकिंग और गैर-कानूनी घुसपैठ की गतिविधियों में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। इसे लेकर नेपाल एपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। भारत-नेपाल की खुली सीमा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

