जोगबनी में भारत -नेपाल सुरक्षा एजेंसी की समन्वय समिति की हुई बैठक
अररिया 09 मई(हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी-56 वीं) वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी जोगबनी की ओर से बीसीपी में भारत नेपाल के सुरक्षा एजेंसी की समन्वय समिति की बैठक शनिवार को हुई।जिसमें सीमा पार नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल,जोगबनी थाना की पुलिस और एसएसबी अधिकारियों की बैठक हुई।दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों की बैठक उपरांत भारत नेपाल सीमा पर सुरक्षा को लेकर संयुक्त गश्ती की गई।
एसएसबी की ओर से जहां जोगबनी बाह्य सीमा चौकी के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह,सहायक उप निरीक्षक एन. रंजीत सिंह सहित चार अधिकारी शामिल हुए।वहीं नेपाल एपीएफ की ओर से डीएसपी तिलक बहादुर खड़का, एसओएस के दो प्रतिनिधि सहित कुल आठ अधिकारी शामिल हुए।जबकि जोगबनी थाना की ओर से बैठक में सब इंस्पेक्टर विष्णुकांत के साथ दो अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बॉर्डर सिक्योरिटी,तस्करी और गश्ती के साथ मादक पदार्थों और हथियार की तस्करी पर मुख्य रूप से चर्चा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

