लगातार बारिश से इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड प्रभावित, डोरिया पुल का एप्रोच धंसा

WhatsApp Channel Join Now
लगातार बारिश से इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड प्रभावित, डोरिया पुल का एप्रोच धंसा


किशनगंज, 28 जून (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड पर आवागमन आंशिक रूप से प्रभावित हो गया है।

ठाकुरगंज और दिघलबैंक प्रखंड की सीमा पर स्थित डोरिया गांव के समीप एक पुल का एप्रोच धंस जाने से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। इससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुल के एक हिस्से से जुड़ा एप्रोच लगातार बारिश के कारण कटाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते सड़क का संपर्क प्रभावित हुआ है और वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा आवागमन पूरी तरह ठप होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलने पर ज़ियापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी लेने के साथ ही एहतियात बरतने की सलाह दी।

प्रशासनिक अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। ग्रामीणों और किसानों ने बताया कि यह सड़क सीमा क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके क्षतिग्रस्त होने से खेती-बाड़ी, दैनिक आवागमन तथा आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है। किसानों ने जिला प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस क्षेत्र में कटाव का खतरा हमेशा बना रहता है। ऐसे में यदि जल्द आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो सड़क और पुल को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story