सीमा पार भारतीय नागरिक 5 लाख से अधिक नेपाली मुद्रा के साथ गिरफ्तार
अररिया 18 अप्रैल(हि.स.)। जोगबनी पार नेपाल के विराटनगर में अवैध वित्तीय गतिविधियों पर सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक भारतीय नागरिक को लाखों रुपये के साथ गिरफ्तार किया। जानकारी अनुसार भारतीय सीमा जोगबनी से सटे विराटनगर वार्ड संख्या 15 स्थित दुर्गा चौक पर डीएसपी तिलक बहादुर खड़का के नेतृत्व में विशेष टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर भारत से नेपाल आ रही एक बाइक को रोककर जांच की।
जांच के दौरान बिहार के अररिया निवासी 30 वर्षीय अनीश कुमार चौधरी के पास से 05 लाख 01 हजार 15 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई, आरोपित इस रकम का कोई वैध स्रोत नहीं बता सका इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद राशि अवैध हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित को नकदी व बाइक सहित अग्रिम कार्रवाई के लिए इलाका पुलिस कार्यालय रानी को सौंप दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

