छपरा में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी रही जारी

WhatsApp Channel Join Now
छपरा में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी रही जारी


छपरा में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी रही जारी


छपरा में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी रही जारी


सारण, 05 अगस्त (हि.स.)। प्रमंडल के छपरा नगर निगम सहित सभी नगर परिषदों और नगर पंचायतों में दैनिक सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन एवं बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कर्मियों ने अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

सारण प्रमंडल अध्यक्ष सियाराम सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कर्मचारी दैनिक कर्मियों की सेवा स्थायी करने, ठेका प्रथा समाप्त करने तथा एसीपी एवं एमएसीपी का लाभ देने की मांगों पर अड़े हैं। आंदोलन के सातवें दिन छपरा नगर निगम के कर्मचारियों ने प्रमुख मार्गों पर जुलूस निकाला, एनजीओ के सफाई अभियान का विरोध किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के अंत में महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता के आवास के समीप कचरा फेंककर विरोध प्रकट किया। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तर पर ठोस समझौता होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। इस मामले पर महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में मांगें रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन इस हरकत से मैं आहत हूँ।

उन्होंने कर्मियों पर कार्रवाई से इनकार करते हुए उन्हें अपना बताया। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच वार्ता जारी है और जल्द समाधान निकलेगा। फिलहाल नागरिकों की सुविधा हेतु आउटसोर्सिंग से सफाई व्यवस्था बनाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story