नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी, हॉटस्पॉट और तस्करी मार्ग होंगे चिह्नित

WhatsApp Channel Join Now
नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी, हॉटस्पॉट और तस्करी मार्ग होंगे चिह्नित


सुपौल, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर शनिवार को (नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर) की बैठक आयोजित की गई। कार्यालय वेश्म में उप विकास आयुक्त-सह-प्रभारी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। साथ ही नशामुक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी आपस में सूचनाओं का आदान-प्रदान करें और जरूरत पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार से जुड़े हॉटस्पॉट और तस्करी मार्गों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया, ताकि ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बैठक के दौरान मासिक प्रगति प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नशामुक्ति और जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला वन प्रमंडल कार्यालय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, विशेष शाखा, मद्यनिषेध विभाग, जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, औषधि निरीक्षक, जिला सामान्य शाखा के पदाधिकारी सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। पटना से एनसीबी के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story