विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक


सहरसा, 24 जुलाई (हि.स.)। छात्रों द्वारा एवं विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने जिले में विधि-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सहरसा सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय तथा पुलिस उपाधीक्षक पुलिस लाइन भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

वहीं अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरी बख्तियारपुर, सभी अंचल अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा सभी थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं सरकारी संपत्तियों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी से कार्य करें।

पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को नियमित गश्ती, सतत निगरानी तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा बिना सत्यापन के कोई भी सूचना, फोटो अथवा वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन प्रत्येक परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने सभी नागरिकों से कानून का पालन करने, प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचने की अपील की। साथ ही सभी थाना प्रभारियों एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story