जिले के सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र में अलग-अलग घटना में छठ घाट पर डूबने से दो की मौत, एक शव बरामद
सहरसा, 16 नवंबर (हि.स.)।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अंतिम दिन सोमवार की सुबह सिमरी बख्तियापुर थाना के रायपुरा पंचायत स्थित छठ घाट पोखर पर स्नान करने के क्रम में डूबने से रसूलाबाद वार्ड 13 निवासी राजाराम साह के पुत्र प्रिंस कुमार की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोर की मदद से करीब तीन घंटे बाद मृतक का शव बरामद हुआ।
शव बाहर निकलते ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई। छठ पर्व को लेकर जहां लोग भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारी में जुटे थे, वहीं इस दर्दनाक घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही घाट पर पहुंचे परिजन शव देखते ही रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोगों ने पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया। घटना के बाद रसूलाबाद गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की सूचना पर सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार,बीडीओ मोहन कुमार सिंह एवं सीओ नवीन कुमार घटनास्थल पर पहुंच ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने कागजी प्रक्रिया के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया।
दूसरी घटना रविवार को चिड़ैया थाना क्षेत्र व सलखुआ प्रखंड के अलानी पंचायत के करहरा गांव स्थित कोसी नदी के कछार पर छठ घाट बनाने के दौरान नदी में स्नान करने के क्रम में गंगलेश यादव के 15 वर्षीय पुत्र चंद्रहास कुमार लापता हो गया। दो दिन बीत जाने के बावजूद अब तक बरामद नही हो सका है।
घटना की सूचना पर सलखुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार,अंचलाधिकारी रवि कुमार,राजस्व अधिकारी सचिन आनंद, थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर और चिड़ैया थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच जांच पड़ताल की।हालांकि ग्रामीण व प्रशासन द्वारा लापता की खोज लगातार जारी है।
लापता को देखने के लिये ग्रामीण घटनास्थल पर लगातार कैम्प किये हुए हैं।गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

