सारण में जिलाधिकारी और एसएसपी ने नाव से किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

WhatsApp Channel Join Now
सारण में जिलाधिकारी और एसएसपी ने नाव से किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा


सारण में जिलाधिकारी और एसएसपी ने नाव से किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा


सारण, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। प्रभावित आबादी तक समय पर मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रशासनिक तत्परता बरती जा रही है।

इसी सिलसिले में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए लाइफ जैकेट पहनकर नौका से जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा किया और जलस्तर का प्रत्यक्ष जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि सभी प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्री और हरसंभव मदद बिना किसी देरी के उपलब्ध कराई जाएगी।

वर्तमान में बाढ़ पीड़ितों के लिए सामुदायिक रसोई के जरिए निःशुल्क भोजन, नौकाएं, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाएं, पेयजल और राशन सामग्री का वितरण किया जा रहा है। मेडिकल टीमें भी क्षेत्र में तैनात हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं एसएसपी ने पुलिस बल को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, बचाव कार्यों में सहायता करने और आम जनता के लिए सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story