सारण में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को अब घर बैठे मिलेगी रजिस्ट्री की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 18 मार्च (हि.स.)। बिहार सरकार ने सात निश्चय तीन के तहत वरिष्ठ नागरिकों को एक सौगात दी है। आगामी 1 अप्रैल 2026 से 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को अपनी जमीन, प्लॉट या फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के लिए अब निबंधन कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। सरकार ने इस आयु वर्ग के नागरिकों के लिए घर बैठे निबंधन की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को e-nibandhan पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के समय उम्र के सत्यापन के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र या किसी मान्यता प्राप्त संस्थान द्वारा जारी वैध दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। आवेदक इन दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं या घर पर आने वाली टीम को भौतिक रूप से दिखा सकते हैं।

विभाग ने इस योजना को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक निबंधन कार्यालय को एक-एक मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट उपलब्ध कराई है। जैसे ही बुजुर्ग नागरिक 'ऑन डिमांड' सेवा के लिए आवेदन करेंगे, यह यूनिट उनके निवास स्थान पर पहुँचकर निबंधन की प्रक्रिया पूरी करेगी। यह पहल न केवल बुजुर्गों की शारीरिक कठिनाइयों को कम करेगी, बल्कि उनके प्रति सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए इज ऑफ लिविंग के संकल्प को भी धरातल पर उतारेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story