मढ़ौरा में चार बच्चों की मां ने पति की सहमति से प्रेमी संग रचाई शादी
सारण, 15 मई (हि.स.)। मढ़ौरा प्रखंड के बहुआरा पट्टी गांव में शुक्रवार को एक ऐसी अजीबोगरीब शादी संपन्न हुई, जो पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां चार बच्चों की मां ने अपने ही पति की मौजूदगी और रजामंदी से अपने प्रेमी के साथ मंदिर में विवाह रचा लिया।
महिला ज्योति देवी का अपने पति अनूप राम के दोस्त राजेश कुमार से पिछले 14 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
आसनसोल में रहने के दौरान बढ़े इस प्रेम संबंध की भनक जब ग्रामीणों को लगी, तो मामला पंचायत और थाने तक पहुंच गया। अंततः सामाजिक पहल और पति की आपसी सहमति के बाद गांव के भगवती मंदिर में दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया।
इस दौरान एक अनोखी रस्म भी देखने को मिली, जहां पहले पति अनूप ने खुद अपने हाथों से ज्योति की मांग का पुराना सिंदूर धोकर मिटाया, जिसके बाद प्रेमी राजेश ने उसकी मांग में नया सिंदूर भरा। इस पूरी शादी के दौरान मंदिर परिसर में हाई-वोल्टेज ड्रामा भी हुआ। जहां महिला के चारों बच्चे बेबसी से अपनी मां को किसी और का होते देख रहे थे, वहीं बेटी की इस हरकत से ज्योति की बुजुर्ग मां का गुस्सा फूट पड़ा। शादी की रस्में खत्म होते ही नाराज मां ने सरेआम अपनी बेटी और नए दामाद राजेश की चप्पलों से पिटाई कर दी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

