अवैध होर्डिंग-पोस्टर पर नगर निगम की सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
अवैध होर्डिंग-पोस्टर पर नगर निगम की सख्ती


भागलपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भाजपा, जदयू, बसपा, हम और लोजपा सहित कई दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में अनधिकृत रूप से लगाए जा रहे होर्डिंग और पोस्टरों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी दलों से सुझाव और फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तय की गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना अनुमति लगाए गए किसी भी प्रकार के होर्डिंग, बैनर या पोस्टर को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे शहर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह और जदयू जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर हित में आवश्यक कदम बताया। बैठक में नगर प्रबंधक असगर अली और अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव समेत कई अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर निगम की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में शहर की सूरत और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story