दियारा में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुंगेर के कारीगरों समेत 4 गिरफ्तार
भागलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अवैध हथियारों के सिंडिकेट के खिलाफ नवगछिया पुलिस और बिहार एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। भवानीपुर थाना क्षेत्र के बांधा बहियार स्थित दियारा इलाके में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से हथियार बना रहे चार शातिर कारीगरों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर भाग निकला।
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरी कार्रवाई का ब्योरा साझा किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुधवार को नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि 5 अक्टूबर को पुलिस को एक पुख्ता इनपुट मिला था। सूचना थी कि वीरबन्ना का रहने वाला मृत्यंजय यादव अपने साढ़ू मुकेश यादव के साथ मिलकर बाहर से पेशेवर कारीगरों को बुला रहा है और दियारा के सुनसान इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनवा रहा है। इस सूचना के बाद नवगछिया पुलिस और एसटीएफ की एक संयुक्त विशेष टीम बनाई गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बांधा बहियार दियारा में घेराबंदी कर अचानक धावा बोल दिया। पुलिस की इस अचानक हुई छापेमारी से मौके पर हड़कंप मच गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। जिसमें 2 देशी पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस, मैगजीन 5 पीस और भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और गन बनाने के कटर, रेती सहित कई आधुनिक उपकरण शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से तीन मुख्य रूप से मुंगेर के रहने वाले हैं, जो हथियार बनाने में माहिर माने जाते हैं।
गिरफ्तार आरोपिताे में मोहम्मद तौसिक उर्फ साधो (बरदह, मुंगेर), मोहम्मद अरमान उर्फ मेहरूद्दीन (मिर्जापुर बधो, मुंगेर), मुकेश यादव (मुफस्सिल, मुंगेर) और मनीष कुमार यादव (भवानीपुर, भागलपुर) शामिल है। वहीं पुलिस को देखकर मुख्य सरगना मृत्यंजय यादव (निवासी वीरबन्ना) मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी ने कहा कि अपराध और अवैध हथियारों के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा और दियारा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

