भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 50.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 50.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद


भागलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। भागलपुर रेलवे स्टेशन पर चलाए गए एक विशेष चेकिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है। यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट कमांडर अमित कुमार गिरि के पर्यवेक्षण में की गई।

स्टेशन परिसर में सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की नजर प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 के बीच बने मिडिल फुटओवर ब्रिज के पास पड़ी। वहां संदिग्ध हालत में तीन लावारिस बोरियां रखी हुई थीं। काफी देर तक किसी भी यात्री या व्यक्ति द्वारा उन बोरियों पर दावा न किए जाने के बाद, आरपीएफ की टीम ने उन्हें कब्जे में लेकर तलाशी ली।

बोरियों को खोलने पर पुलिस को उसके भीतर से विदेशी शराब की एक बड़ी खेप मिली। आरपीएफ ने इन बोरियों से 180 एमएल वाले कुल 280 टेट्रा पैक बरामद किए, जिसकी कल मात्रा 50.4 लीटर मापी गई है।

आरपीएफ ने शराब की इस पूरी खेप को जब्त कर लिया है और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, भागलपुर को सौंप दिया है। आरपीएफ पुलिस अब स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की इन बोरियों को वहां किसने और किस ट्रेन से लाकर रखा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759256 Articles

Share this story