अवैध नर्सिंग होम पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, महर्षि मेही सेवा सदन सील

WhatsApp Channel Join Now
अवैध नर्सिंग होम पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, महर्षि मेही सेवा सदन सील


पूर्णिया, 25 अप्रैल (हि.स.)।

पूर्णिया जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत के संयुक्त आदेश पर लगातार जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित थाना अध्यक्षों की संयुक्त टीम द्वारा वाहन जांच, यातायात नियमों के अनुपालन, अवैध नर्सिंग होम, अवैध शराब निर्माण एवं परिवहन जैसे संवेदनशील मामलों पर कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया, पुलिस पदाधिकारी एवं स्थानीय थाना अध्यक्ष की संयुक्त टीम ने कसबा सीएससी के आसपास संचालित नर्सिंग होम एवं पैथोलॉजी केंद्रों की जांच की। इस दौरान डॉ. मधुर कुमार साहा, डॉ. नीलू भगत साहा तथा लाइफ केयर पैथोलॉब की जांच की गई।

वहीं अनुमंडल पदाधिकारी बनमनखी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बनमनखी क्षेत्र में चल रहे निजी नर्सिंग होम, निजी जांच घर, दवाखाना एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की गहन जांच की। जांच के दौरान महर्षि मेही सेवा सदन बिना डॉक्टर के अवैध रूप से संचालित पाया गया। जांच टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही संचालक ने बाहर से ताला लगाकर नर्सिंग होम बंद कर दिया।

मौके पर टीम ने वीडियोग्राफी कराते हुए ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां 27 परिजन एवं 6 मरीज मौजूद मिले। संचालक से नर्सिंग होम से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि पूरा नर्सिंग होम केवल एक एएनएम के भरोसे संचालित हो रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम ने मौके पर ही बनमनखी थाना की उपस्थिति में महर्षि मेही सेवा सदन को सील कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों में हड़कंप मच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story