नवादा में करोड़ो का अवैध खनन जारी,मूकदर्शक बनी हैं अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
नवादा में करोड़ो का अवैध खनन जारी,मूकदर्शक बनी हैं अधिकारी


-डीएम ने कहा कार्रवाई के लिए किए गए दल गठित

नवादा,24 मई (हि.स.)। जिले में रजौली थाना क्षेत्र के सुदूर सवैयाटांड़ इलाके में इन दिनों अभ्रक और पत्थर के करोड़ो रूपये के अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चित कहावत “माल महाराज के, मिर्जा खेले होली” यहां की स्थिति पर बिल्कुल सटीक साबित होती नजर आ रही है। खनन का पूरा जोखिम और मेहनत बिहार के मजदूर उठा रहे हैं, जबकि इसका बड़ा फायदा झारखंड के कारोबारी और ठेकेदार उठा रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार सवैयाटांड़ और आसपास के सेंचुरी क्षेत्र में दर्जनों मजदूर जान जोखिम में डालकर पहाड़ों और खदानों से अभ्रक व पत्थर निकालने में जुटे हैं। मजदूरों को दिनभर कठिन मेहनत के बदले बेहद मामूली मजदूरी मिलती है, जबकि खनिज सम्पदा को झारखंड ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। इससे अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को मोटा मुनाफा हो रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई अधिकतर गरीब मजदूरों और छोटे स्तर पर काम करने वालों तक सीमित रह जाती है, जबकि इस पूरे नेटवर्क के असली संचालक और बड़े कारोबारी कार्रवाई की जद से बाहर रहते हैं। आर्थिक तंगी और बेरोजगारी के कारण कई मजदूर मजबूरी में इस अवैध धंधे से जुड़ रहे हैं।

इधर, लगातार हो रहे अवैध खनन से पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। पहाड़ों की कटाई और अवैध विस्फोट से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग द्वारा कई जगहों पर चेक नाका बनाए गए हैं, लेकिन उनका असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा। खनिज सामग्री खुलेआम झारखंड तक पहुंच रही है और जिम्मेदार विभाग के अधिकारी मूकदर्शक बने हुए है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन के असली सरगनाओं और मुनाफाखोर कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गरीब मजदूरों के शोषण पर भी रोक लग सके। नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा है कि जंगली इलाके में अवैध खनन को लेकर छापेमारी की कार्रवाई की गई है । इसके लिए वन पदाधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई दल भी गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर जल्दी लगाम लगा लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story