किशनगंज में अवैध लॉटरी कारोबार का भंडाफोड़, 1.48 करोड़ रुपये के टिकट व नकदी बरामद
किशनगंज, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले में अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहर के मोहिउद्दीनपुर वार्ड संख्या-1 स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी कर करीब 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 3,19,200 अवैध लॉटरी टिकट तथा 23,450 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि किराये के मकान में बड़े पैमाने पर अवैध लॉटरी टिकट का भंडारण कर जिले में थोक स्तर पर सप्लाई की जा रही है।
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में विभिन्न मूल्य के लॉटरी टिकट बरामद किए गए। पूछताछ में मकान में रह रहे लोगों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद अकबर यहां अवैध लॉटरी टिकट मंगवाकर किशनगंज और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग लोगों को बेचता था।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, टिकट के स्रोत तथा इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 62/2026 दर्ज किया गया है।
आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की विभिन्न धाराओं के साथ बिहार बन ऑन लॉटरी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े दो पूर्व मामले भी किशनगंज थाना में दर्ज हैं। छापेमारी दल में एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार समेत किशनगंज थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

