आईआईटी पटना परिसर में तेलंगाना के छात्र की मौत
पटना, 09 मई (हि.स.)। राजधानी पटना के आईआईटी परिसर अमहरा में शनिवार को एक छात्र की मौत हो गयी। संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान हर्षित पटनायक के रूप में हुई है, जो तेलंगाना का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह आईआईटी परिसर में बॉयज हॉस्टल के बगल के मैदान में लोगों ने एक युवक का शव देखा। इसके बाद स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। स्थानीय प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मौत कैसे हुई है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार की शाम बारिश हुई और तेज हवा चली थी, जिसके कारण परिसर में कई जगहों पर पानी भरा हुआ है और बिजली के तार भी गिरे हुए हैं। संभावना जताई जा रही है कि युवक सुबह अपने हॉस्टल से टहलने या खेलने निकला था और उसी दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि, अभी तक आईआईटी प्रशासन के किसी अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
घटना की पुष्टि करते हुए पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आईआईटी प्रशासन के द्वारा जानकारी मिली कि परिसर में एक युवक का शव मिला है। जिसके बाद पुलिस की टीम और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची है। युवक की मौत कैसे हुई है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
उन्होने कहा कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का खुलासा हो सकता है। मृतक छात्र हर्षित पटनायक आईआईटी पटना में बीटेक चौथे सत्र का छात्र था। फिलहाल वह मुम्बई आईआईएम से एमबीए की डिग्री कर रहा था।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

