साइबर फ्रॉड को लेकर आईजी ने पोस्टल डिपार्टमेंट के अधिकारियों और पोस्टमैन को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
साइबर फ्रॉड को लेकर आईजी ने पोस्टल डिपार्टमेंट के अधिकारियों और पोस्टमैन को दिए निर्देश


भागलपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले में साइबर अपराध पर लगाम लगाने को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार ने शनिवार को पोस्टल डिपार्टमेंट के अधिकारियों और पोस्टमैन को अहम दिशा-निर्देश दिए। आईजी विवेक कुमार ने पोस्टल विभाग के ईस्टर्न रीजन से जुड़े 14 जिलों से आए डाक अधीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पोस्ट ऑफिस में खोले गए खातों के माध्यम से किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड न हो, यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्रामीण स्तर पर पोस्टमैन और डाक कर्मचारी लोगों के सबसे करीब होते हैं, इसलिए उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आईजी ने अधिकारियों से अपील की कि वे ग्राहकों को लगातार जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध लेन-देन या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस के साइबर सेल को दें।

उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग का साइबर सेल हर परिस्थिति में पोस्टल विभाग के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग करेगा। इस मौके पर साइबर सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए, ताकि आम लोगों को ठगी से बचाया जा सके और वित्तीय लेन-देन सुरक्षित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story