श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाकर सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर आगे बढ़ें : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now


पटना, 04 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भगवान श्रीकृष्ण के पावन जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं दी हैं।

श्री सरावगी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, न्याय और कर्तव्य के मार्ग पर चलते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अधर्म के विरुद्ध धर्म की स्थापना और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया। उनका जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य एवं धर्म का साथ देने तथा अपने कर्तव्य से विमुख न होने की प्रेरणा देता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि धर्म और सत्य की विजय तथा मानवता के कल्याण का संदेश देने वाला पर्व है। हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और शांति को मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भाव का संचार हो और बिहार निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story