प्रेम प्रसंग के विवाद में तालाब में कूदी पत्नी, बचाने उतरे पति की भी डूबने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
प्रेम प्रसंग के विवाद में तालाब में कूदी पत्नी, बचाने उतरे पति की भी डूबने से मौत


प्रेम प्रसंग के विवाद में तालाब में कूदी पत्नी, बचाने उतरे पति की भी डूबने से मौत


सीवान, 21 अक्टूबर (हि.स.)।

महाराजगंज थाना क्षेत्र के पोखरा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का दर्दनाक अंत हुआ। विवाद के बाद पत्नी ने घर के पास स्थित तालाब में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए पति भी तालाब में उतर गया, लेकिन गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गयी।

सोमवार सुबह पत्नी का शव तालाब से बरामद हुआ था, जबकि बुधवार की सुबह करीब 72 घंटे बाद पति का शव भी उसी तालाब में उपलाता मिला।

इस घटना से गांव में सनसनी फैल गयी है। वहीं, दंपती की दो साल की मासूम बच्ची के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

मृतकों की पहचान पोखरा गांव निवासी विश्वनाथ साह के 28 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार साह और उसकी 25 वर्षीय पत्नी सुगंधा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, विशाल कुमार साह का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार की रात करीब नौ बजे वह कथित तौर पर महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। वहां परिजनों के साथ उसका विवाद हो गया।

इस दौरान किसी ने डायल 112 पर सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराने के बाद अगले दिन थाने में आवेदन देने की बात कहकर लौट गयी। बताया जाता है कि घर लौटने के बाद इसी मुद्दे को लेकर विशाल और उसकी पत्नी सुगंधा देवी के बीच विवाद शुरू हो गया।

इसी दौरान सुगंधा घर से कुछ दूरी पर स्थित छठ घाट के तालाब में कूद गयी। पत्नी को बचाने के लिए विशाल भी तालाब में उतर गया। हालांकि, गहरे पानी में जाने के कारण दोनों डूब गये। सोमवार की सुबह तालाब से सुगंधा का शव मिलने के बाद घटना की जानकारी सामने आयी।

सुगंधा का शव मिलने की सूचना पर महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से विशाल के कपड़े भी बरामद हुए थे। इसके बाद तालाब में उसकी तलाश शुरू की गयी। मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने घंटों तलाशी अभियान चलाया, लेकिन विशाल का कोई सुराग नहीं मिला।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को सूचना दी गयी। इसके बाद एसडीओ अनीता सिन्हा, एसडीपीओ अमन, सीओ जितेंद्र कुमार और बीडीओ बिंदु कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ की टीम ने भी तालाब में काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इस बीच पति के लापता होने को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बुधवार की सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने तालाब में विशाल का शव उपलाते देखा। इसकी सूचना महाराजगंज थाने को दी गयी। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। इधर, सुगंधा के मायके वालों ने विशाल पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस अनुसंधान के बाद ही हो सकेगा। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और दो साल की मासूम बच्ची के भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764250 Articles

Share this story