पत्नी की शिकायत पर पति गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद
भागलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिरपैंती थाना क्षेत्र में पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी गुरूवार को सिटी एसपी अतुलेश झा ने दी।
सिटी एसपी ने बताया कि संबलपुर गांव की रहने वाली शालिनी देवी ने 15 जुलाई को पिरपैंती थाना में अपने पति सुमित कुमार ओझा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में शालिनी देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति उन्हें नुकसान पहुंचाने और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से घर में अवैध हथियार रखे हुए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन किया और तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सुमित कुमार ओझा को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

