विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल


भागलपुर, 05 मई (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम परिसर में स्थायी सफाईकर्मियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बीते सोमवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल का आज दूसरा दिन है और कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। नगर सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष लड्डू हरि ने बताया कि सातवें वेतनमान का लाभ देने और पिछले दो वर्षों में कटी राशि का भुगतान करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके लिए कई बार आवेदन भी दिया गया, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि मजबूर होकर कर्मचारियों को भूख हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है संघ के सचिव नागेश्वर हरि ने कहा कि कर्मचारियों के बीच गहरा असंतोष है और सभी ने एकजुट होकर निर्णय लिया है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के एक बड़ा बाबू द्वारा फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर घूस मांगी गई। नागेश्वर हरि के अनुसार, उनसे 5000 हजार की रिश्वत ली गई, जिसे उन्होंने कर्ज लेकर दिया, लेकिन इसके बावजूद उनकी फाइल दो साल से लंबित पड़ी है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे आर्थिक और मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी अपने बकाया भुगतान के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। फिलहाल नगर निगम प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि हड़ताल जारी रहने से सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story