ह्यूमन पेपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान में कटिहार जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर

WhatsApp Channel Join Now
ह्यूमन पेपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान में कटिहार जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर


कटिहार, 12 मई (हि.स.)। बिहार में महिलाओं को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान (एचपीवी) में कटिहार जिले ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, कटिहार अब 65.9 प्रतिशत कुल उपलब्धि के साथ पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।

जिले के स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों में चले सघन अभियान का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, कटिहार ने निर्धारित लक्ष्य (767) के मुकाबले 1,719 छात्राओं को टीका लगाया, जो कि दैनिक लक्ष्य का 224.1 प्रतिशत है। यह प्रदेश के किसी भी जिले द्वारा एक दिन में किया गया सबसे बेहतर प्रदर्शन है।

जिले में कुल निर्धारित लक्ष्य : 34,842

अब तक का कुल कवरेज : 22,964 (65.9 प्रतिशत)

राज्य ने स्थान : पहला

निकटतम प्रतिस्पर्धी जिले: वैशाली (64.5 प्रतिशत) और कैमूर (63.4 प्रतिशत)

जहाँ एक ओर राजधानी पटना मात्र 19.1 प्रतिशत टीकाकरण के साथ प्रदेश में सबसे निचले पायदान पर है, वहीं कटिहार ने सीमित संसाधनों के बावजूद एक मिसाल पेश की है। जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए जन-जागरूकता कार्यक्रमों और शिक्षा विभाग के आपसी तालमेल से यह सफलता संभव हो पाई है।

महिलाओं को भविष्य में कैंसर जैसी घातक बीमारी से सुरक्षित करने की दिशा में कटिहार का यह मॉडल अब पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story