निर्मली के एचपीएस कॉलेज में ओजोन संरक्षण पर सेमिनार

WhatsApp Channel Join Now
निर्मली के एचपीएस कॉलेज में ओजोन संरक्षण पर सेमिनार


सुपौल, 16 सितंबर (हि.स.)। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को निर्मली के एचपीएस कॉलेज में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग की ओर से किया गया। इसका उद्देश्य छात्रों को ओजोन परत के महत्व, संरक्षण तथा पर्यावरण एवं मानव जीवन पर पड़ने वाले इसके प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

सेमिनार में रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. संतोष कुमार सिंह एवं प्राणी विज्ञान विभाग की डॉ. अर्पणा कुमारी ने विशेषज्ञ के रूप में अपने विचार रखे। उन्होंने ओजोन परत के निर्माण, उपयोगिता, क्षरण के कारणों तथा पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

वक्ताओं ने बताया कि ओजोन परत सूर्य से आने वाली खतरनाक पराबैंगनी (यूवी) किरणों से धरती पर जीवन की रक्षा करती है। इस अवसर पर डॉ. कृष्णा चौधरी ने पर्यावरण और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण के बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। वायु, जल, पेड़-पौधे, जीव-जंतु और मानव जीवन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा ओजोन परत के संरक्षण के लिए लोगों में जागरूकता फैलाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story