45 डॉक्टरों से 22 लाख लोगों का इलाज कैसे? : सांसद जावेद आजाद

WhatsApp Channel Join Now
45 डॉक्टरों से 22 लाख लोगों का इलाज कैसे? : सांसद जावेद आजाद


किशनगंज, 20 अप्रैल (हि.स.)। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने सोमवार को, स्वास्थ्य व्यवस्था, पलायन और बिहार की मौजूदा स्थिति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 22 लाख की आबादी वाला किशनगंज जिला केवल 45 डाक्टर के भरोसे है।

सांसद डॉ. जावेद आजाद ने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल लाया गया, लेकिन उसे लागू नहीं किया गया। यदि यह बिल लागू होता तो आज संसद में 181 महिला सांसद होतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि 14 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, लेकिन वहां भी महिला आरक्षण लागू नहीं किया गया। यदि ऐसा किया जाता तो आज करीब 2100 महिलाएं विधायक होतीं।

उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सब केवल जनता को भ्रमित करने की कोशिश है।

सांसद ने दावा किया कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस में भाजपा की तुलना में अधिक महिला सदस्य हैं। साथ ही उन्होंने बिहार की राजग सरकार पर भी निशाना साधा, जो पिछले 20 वर्षों से सत्ता में है।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सांसद ने कहा कि किशनगंज जिले में 200 डॉक्टरों की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में केवल 45 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि 22 लाख की आबादी वाले जिले में मात्र 45 डॉक्टरों से इलाज कैसे संभव है।

डॉ. जावेद आजाद ने बिहार से पलायन के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि 13 करोड़ की आबादी वाले बिहार से लगभग 3 करोड़ लोग रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में पलायन कर चुके हैं।

उन्होंने गुजरात में बिहार के मजदूरों पर कथित हमलों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। सांसद ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें देश की छवि सुधारने के लिए वोट दिया था, लेकिन उनका ध्यान केवल चुनावों पर केंद्रित है। इस दौरान किशनगंज विधायक कमरुल हुदा सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story